Moong and Urad on MSP: मध्य प्रदेश राज्य के किसानों के लिए राहत भरी खबर निकल कर सामने आई है। राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के किसानों से मूंग और उड़द की फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद करने की कवायद शुरू कर दी गई है। इसके लिए किसानों को अपना रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। किसान-कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री कमल पटेल द्वारा दी जानकारी के मुताबिक़ “प्रदेश में विपणन वर्ष 2023-24 में मूंग और उड़द की समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए किसान पंजीयन का कार्य 8 मई 2023 से शुरू होगा।
किसान 8 मई से करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन
मध्य प्रदेश सरकार ने रबी मार्केटिंग सीजन 2023-24 में मूंग और उड़द को MSP पर खरीद का ऐलान कर दिया गया है। राज्य कृषि मंत्री कमल पटेल का कहना है कि मूंग और उड़द खरीद के लिए किसान काफी समय से मांग रहे थे। जिसे देखते हुए राज्य में 8 मई से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है जो कि 19 मई तक चलेगी। बिना पंजीकरण के किसान से एमएसपी पर मूंग और उड़द की खरीद नहीं की जाएगी।
किसान एक दिन में बेच सकेगा इतने क्विंटल
केंद्र सरकार ने किसानों से अनाज, दाल खरीद को लेकर फिक्रमंद रहती है। केंद्र सरकार की प्राइस सपोर्ट स्कीम गाइडलाइन के अनुसार, प्रतिदिन दिन में 1 किसान 25 क्विंटल तक बेच सकते हैं। दरअसल, मध्य प्रदेश में मूंग उत्पादन बहुत अधिक होता हैं। किसानों की सरकार से अच्छी दरों पर मूंग और उड़द खरीद की अपेक्षा रहती है।
पिछले साल 2022 में मध्य प्रदेश में 2 लाख 34 हजार 772 किसानों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था। वहीं, केंद्र सरकार ने वर्ष 2022-23 में मूंग की खरीद को लेकर मध्य प्रदेश को 2 लाख 75 हजार 645 मीट्रिक टन का लक्ष्य दिया था। राज्य सरकार ने इससे बहुत अधिक 3.5 लाख मीट्रिक टन मूंग खरीदी थी।
इन जिलों में होता है मूंग, उड़द का उत्पादन
मध्य प्रदेश में 32 जिले ऐसे हैं, जहां मूंग का उत्पादन सबसे ज्यादा होता है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी मूंग का उत्पादन किया जाता है। नर्मदापुरम, नरसिंह पुर, रायसेन, हरदा, सीहोर, जबलपुर, देवास, सागर, गुना, खंडवा, खरगोन, कटनी, दमोह, विदिशा, बड़वानी, मुरैना, बैतूल, श्योपुरकलां, भिंड, भोपाल, सिवनी, छिंदवाड़ा, बुरहानपुर, छतरपुर, उमरिया, धार, राजगढ़, मंडला, शिवपुरी, अशोक नगर, बालाघाट और इंदौर में पैदा होती है.
वहीं, उड़द की बात करें तो प्रदेश में 10 जिले ऐसे हैं, जहां उड़द का उत्पादन सबसे ज्यादा होता है, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, दमोह, छिंदवाड़ा, पन्ना, मंडला, उमरिया, सिवनी एवं बालाघाट में अधिक पैदा होती है।
इतनी हो सकती है एमएसपी
अभी तक विपणन वर्ष 2023-24 के लिए मूंग और उड़द का नया एमएसपी तय नहीं किया गया है। वर्ष 2022-23 में मूंग की एमएसपी 7755 रुपए प्रति क्विंटल, उड़द 6600 रुपये तय की गई थी। इस बार भी मूंग की एमएसपी 8000 रुपये प्रति क्विंटल और उड़द की एमएमसपी 7000 रुपये प्रति क्विंटल से ज्यादा तय की जा सकती है।