Rajasthan Weather News Today : प्रदेश में मानसून को लेकर मौसम विभाग ने अच्छी खबर दे दी है। मौसम विभाग द्वारा जारी लेटेस्ट अपडेट के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून (Monsoon Alert) आज रविवार 25 जून को राजस्थान के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर चुका है। आगामी दो दिनों में प्रदेश के कुछ और भागों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। वहीं मौसम विभाग ने चूरू, झुंझुनू, सीकर, भरतपुर, करौली, धौलपुर और जयपुर जिलों में बारिश (Monsoon in Rajasthan) की संभावना व्यक्त की है। यहां 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
राजस्थान मानसून अपडेट
मौसम विभाग ने इससे पहले कल यानी शनिवार को रविवार और सोमवार के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 26 से 28 जून के बीच राजस्थान के कोटा, उदयपुर संभाग व आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होगी। कोटा में शाम 7 बजे और राजधानी जयपुर में रात 9 बजे कुछ देर तेज बारिश हुई।
देश में मानसून की दस्तक से गर्मी से राहत
देश के कई राज्यों में उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है। मानसून ने महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में दस्तक दी है। मौसम विभाग ने देश के 20 राज्यों में अगले 4-5 दिन भारी बारिश की संभावना जताई है। इन राज्यों में मध्यप्रदेश, राजस्थान, पंजाब, गुजरात, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, तटीय कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु शामिल हैं। असम में बारिश व बाढ़ से 19 जिलों के करीब 5 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से सड़कें, ब्रिज, स्कूल की इमारतें ढह गईं हैं।